कुशीनगर। अखिल भारतीय प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष अकबर अंसारी ने ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के शासन के आदेश को अवैध ठहराने संबंधी हाईकोर्ट के फैसले पर चिंता जताई है। रविवार को ब्लाॅक सभागार में प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद ग्राम पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित हैं। ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाध्यक्ष ने ग्राम प्रधानों और संगठन के पदाधिकारियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। कहा कि संगठन लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था में पूर्ण विश्वास रखता है। उन्होंने कहा, हम हाईकोर्ट के आदेश का सम्मान करते हैं और आगे जो भी निर्णय आएगा, उसे भी स्वीकार करेंगे। उन्होंने बताया कि न्यायालय में 13 जुलाई को प्रस्तावित सुनवाई के बाद अखिल भारतीय प्रधान संगठन और राष्ट्रीय संगठन के पदाधिकारी बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे। संगठन को उम्मीद है कि ऐसा समाधान निकलेगा, जिससे ग्राम पंचायतों के विकास कार्य फिर से सुचारु रूप से शुरू हो सकें और ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस दौरान जिला सचिव मोहन लाल गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष डॉ. संजय यादव, ब्लॉक महामंत्री संजीव सिंह, मीडिया प्रभारी अरविंद वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष (तमकुही) रजनीश राय, विजय सिंह (दुदही), केके राय (सेवरही), सत्यप्रकाश गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी धनंजय दीक्षित, विजय तिवारी, आद्या राय, सुरेंद्र कुशवाहा, सुरेंद्र गुप्ता सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।