पडरौना में करीब एक माह से अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज से उपभोक्ता परेशान हैं। इससे रमजान के माह रोजेदारों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं। लेकिन विभागीय अधिकारी उच्चाधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराने की बात कहकर पल्ला झाड़ ले रहे हैं।
पडरौना विद्युत वितरण खंड के अंतर्गत आने वाले उपभोक्ता एक माह से अधिक समय तक बिजली कटौती और लो वोल्टेज से परेशान रहे। पहले अधिकारी यह कहकर उपभोक्ताओं को टरकाते रहे कि कसया बिजली घर में 63 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। इसके लग जाने के बाद फाल्ट और लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिल जाएगा। ट्रांसफार्मर लगने के बाद बिजली आपूर्ति करते ही उसमें खराबी आ गई और कुछ दिन के लिए समस्या फिर बढ़ गई।
बहरहाल, ट्रांसफार्मर लगने के बाद सात जून को बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई, लेकिन तब से अब तक लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। हालत यह है कि वोल्टेज बेहद कम होने के कारण पंखे, टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बेकार पड़े हैं।व्यवयायी और रोजेदार समशेर अली का कहना है कि रमजान में बिजली कटौती बहुत ज्यादा हो रही है। उसके बाद जब बिजली आ भी रही है तो वोल्टेज नहीं रह रहा है। इससे सहरी और इफ्तार के समय परेशानी हो रही है। छावनी निवासी उपभोक्ता सुनील श्रीवास्तव का कहना है कि वोल्टेज न रहने के कारण गर्मी में हालत खराब हो रही है। बाहर मच्छर काटते हैं तो घर में उमस और गर्मी के कारण रहना मुश्किल हो जाता है।
इस संबंध में पडरौना विद्युत वितरण खंड के एसडीओ अरविंद कुमार सिंह का कहना है कि कसया में 63 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगने के बाद वोल्टेज 22 हजार किलोवाट ही बिजली मिल रही है, जबकि 33 हजार किलोवाट की जरूरत पड़ती है। इस कारण पडरौना क्षेत्र में लो वोल्टेज की दिक्कत हो रही है। वहीं जैसी आपूर्ति मिल रही है, उसके अनुसार आपूर्ति की जा रही है।