पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में बुधवार को आई आंधी और बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण जगह-जगह पेड़ गिर गए। बिजली तारों पर पेड़ गिरने से कोटवा उपकेंद्र से जुड़े करीब 180 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। दूसरे दिन ब़ृहस्पतिवार को भी आपूर्ति बाधित रही। बिजली कर्मचारी क्षतिग्रस्त पोल व तारों को सही करने में जुटे हैं। लोगों को उमस भरी गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इन्वर्टर आदि भी जवाब दे गए। पेयजल की आपूर्ति भी प्रभावित रही। यही नहीं, मोबाइल चार्जिंग, बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज प्रभावित रहा। ग्रामीणों का कहना है कि पूरी रात अंधेरे में गुजरानी पड़ी है। सुबह से ही लोग बिजली बहाल होने का इंतजार करते रहे, लेकिन देर शाम तक सप्लाई सुचारु नहीं हो सकी थी। बिजली निगम की टीमें क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त करने में जुटी रहीं। इस संबंध में एसडीओ सुनील पाल ने कहा कि कई स्थानों पर तार व खंभे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मरम्मत में समय लग रहा है, काम पूरा होने के बाद बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। संवाद