तमकुहीरोड। तरयासुजान क्षेत्र में बुधवार को देर शाम आई आंधी व बारिश से कई जगहों पर फाल्ट से कोइंदी फीडर से कई गांवों में लगभग 18 घंटे तक बिजली गुल रही। बृहस्पतिवार को काफी मशक्कत के बाद फाल्ट दूर कर आपूर्ति बहाल की गई, तब लोगों को राहत मिल सकी। पिछले सप्ताह भी कई जगहों पर पोल तार टूट जाने से 10 से अधिक गांवोंं की बिजली गुल हो गई थी।
सेवरही क्षेत्र में बुधवार देर शाम आई आंधी व बारिश के चलते तरयासुजान उपकेंद्र के कोइंदी फीडर से जुड़े सुमही मोहन सिंह, सुमही संतपट्टी, दौनाहा समेत कई स्थानों पर 11 हजार की लाइन में फाल्ट हो गया था। इससे सुमही संतपट्टी, गौरी नगर, महाबीर नगर, कतौरा, गौरी इब्राहिम आदि गांवों की बिजली हो गुल हो गई थी। बारिश के चलते मरम्मत का काम नहीं हो सका और लोगों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। बृहस्पतिवार सुबह से ही कर्मी फाल्ट ढूंढ़ने में जुट गए थे। लगभग 18 घंटे बाद फाल्ट दूर कर आपूर्ति बहाल की गई। इस संबंध में तरयासुजान उपकेंद्र के जेई विकास कुमार साहनी का कहना है कि फाल्ट को दूर कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। संवाद