पडरौना। विशुनपुरा उपकेंद्र में लगा दस एमवीए का ट्रांसफार्मर सोमवार की रात जल जाने से आधे शहर के अलावा 15 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लखनऊ से नया ट्रांसफाॅर्मर बुधवार को आएगा। बिजली निगम का कहना है कि नया ट्रांसफाॅर्मर लगाकर देर रात आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।
उमसभरी गर्मी के बीच रात से ही लोग परेशान हैं। मंगलवार को पूरे दिन दुकानदारों से लेकर हर वर्ग परेशान रहा। जेई व लाइनमैन की टीम ट्रांसफाॅर्मर की खराबी को ठीक करने के प्रयास में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। नए ट्रांसफाॅर्मर की डिमांड कर दी गई है।
लखनऊ से ट्रांसफार्मर आज शाम तक पहुंचने की उम्मीद है। ट्रांसफाॅर्मर लगने के 12 घंटे तक रवा होगा यानी बृहस्पतिवार को बिजली आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है। बिजली के लिए परेशान लोग जेई, एक्सईएन और एसडीओ का सीयूजी नंबर मिलाते रहे, लेकिन रिसीव नहीं हो रहा है।
शहर के आधे हिस्से की बिजली आपूर्ति पडरौना बिजली उपकेंद्र और और रेलवे लाइन उस पार आधे शहर समेत 15 गांवों की बिजली आपूर्ति विशुनपुरा बिजली उपकेंद्र से होती है।
सोमवार की रात करीब 11 बजे अचानक उपकेंद्र विशुनपुरा में लगा दस एमवीए का ट्रांसफार्मर धुंआ देकर बंद हो गया। इसके चलते रात को आपूर्ति ठप हो गई। मंगलवार को सुबह से जेई व लाइनमैन ट्रांसफार्मर को ठीक करने का प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पडरौना एक्सईएन लखनऊ स्टोर में बात कर ट्रांसफार्मर के लिए आर्डर किए। बुधवार की शाम तक ट्रांसफार्मर पहुंचने का दावा बिजली निगम के अधिकारी कर रहे हैं। ट्रांसफार्मर लगने के बाद दस घंटे तक रवा होगा। इसके बाद आपूर्ति चालू होगी।
ऐसे में बृहस्पतिवार को विशुनपुरा उपकेंद्र से जुड़े लोगों को आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। बिजली आपूर्ति नहीं होने से मंगलवार को दुकानदारों के अलावा अन्य लोग परेशान दिखे।
सुबह घरों में लोगों को पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली निगम की ओर से लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था से जोड़कर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, लेकिन बिजली निगम ने अपने हाथ खड़े कर लिए हैं।