वाहन की टक्कर से पोल क्षतिग्रस्त, कई गांवों की बिजली गुल
लबनिया गांव के पास क्षतिग्रस्त हुआ तार और पोल
समउर बाजार(कुशीनगर)। क्षेत्र के लबनिया गांव के पास शनिवार रात करीब दस बजे किसी वाहन की टक्कर से बिजली का पोल और तार टूट गया। इससे क्षेत्र के कई गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लोगों ने टूटे तार और पोल को सही कराने की मांग की है।
पटहेरवा विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र के कई गांव में विद्युत आपूर्ति होती है। शनिवार रात एनएच-28 स्थित लबनिया गांव के पास सड़क किनारे लगे विद्युत पोल में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इससे पोल और तार टूट गया। इसके चलते क्षेत्र के पटहेरवा, पिपरा कनक, सहदौली, बसंतपुर, गगलवा, चैनपट्टी, मीर बिहार, बिहार बुजुर्ग, कोटवा, टीकमपार, बोदा टोला, महरुटोला, मठिया, करजहां, बरईपट्टी आदि गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
क्षेत्र के मनीष लाल श्रीवास्तव, प्रधान के प्रतिनिधि आलमगीर खान, आनंद कुमार गौंड़ आदि ने क्षतिग्रस्त तार और पोल को सही कराकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। इस संबंध में जूनियर इंजीनियर रवि प्रकाश ने बताया कि किसी वाहन की टक्कर से पोल और तार टूट गया है। इसे ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।