नोट- सर, यह खबर गोरखपुर की है, लेकिन ज्ञापन देने वालों में कुशीनगर के अंडा व्यवसायी भी शामिल थे।
गुणवत्तायुक्त अंडा लोगों तक पहुंचाने के नियमों का सरकार कराए पालन : संदीप मोदनवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। जन सामान्य को गुणवत्तायुक्त अंडे उपलब्ध कराने तथा जन स्वास्थ्य मांगों को लेकर कुक्कुट विकास समिति से जुड़े लोगों ने बृहस्पतिवार को गोरखपुर के एडीएम को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री को संबोधित था। इन लोगों ने ज्ञापन में दी गई मांगों को पूरा कराने का आग्रह किया।
कुक्कुट विकास समिति के पोल्ट्री किसान जिलाध्यक्ष संदीप मोदनवाल, रवि प्रताप सिंह, अमित सिंह, शमीम अंसारी, राजीव सिंह, अविनेश, सूरज यादव, सौरव सिंह, आनंद सिंह, उदयभान, सहाबुद्दीन आदि कलक्ट्रेट पहुुंचे और डीएम की अनुपस्थिति में एडीएम को ज्ञापन सौंपा।
इनका कहना था कि उत्तर प्रदेश पोल्ट्री में प्रदेश के एक ट्रिलियन डॉलर इकोनाॅमी के लक्ष्य को प्राप्त करने तथा 100 रोजगार के अवसर सृजित करने का एक अत्यंत उत्तम माध्यम कुक्कुट पालन है। पोल्ट्री विकास 2022 में सरकार की ओर से अनुमानित 1772.93 करोड़ का निवेश करने का लक्ष्य रखा गया। 83 हजार लोगों को रोजगार देने का संकल्प है। जबकि एक लाख लोग पहले ही इस रोजगार से जुड़े हुए थे। उत्तर प्रदेश सरकार की पोल्ट्री पालिसी 2013 के अंतर्गत अधिक पोल्ट्री इन दिनों अत्यंत आर्थिक संकट का सामना कर रही है।
हरियाणा, पंजाब, आंध्र प्रदेश व अन्य प्रदेशों से उत्तर प्रदेश में अंडों का आयात किया जा रहा है। इससे अंडा उत्पादक किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। सूबे के अंडा माफिया कोल्ड स्टोरेज में अंडों को सस्ते दामों में जमाखोरी करके गुणवत्ताविहीन होने के बाद भी उसे महंगे दामों पर बेच दे रहे हैं। इससे यहां के अंडा किसानों के फार्म लगातार बंद होते जा रहे हैं।
ऐसे में सरकार को चाहिए कि उपभोक्ताओं तक गुणवत्तायुक्त अंडा पहुंचाने के लिए अंडा व्यापारियों के गोदाम एवं दुकानों पर एफएसएसएआई के नियमों का पालन कड़ाई से सरकार की आरे से कराया जाए। कुक्कुट विकास समिति से जुड़े लोगों ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।