बस्ती। ड्रग वेयर हाउस में बी-काम्पलेक्स की नई खेप के दो बैच की टैबलेट की गुणवत्ता खराब मिलने पर उनके वितरण पर रोक लगा दी गई है। रैपर से निकालते ही टैबलेट भुरभुरी होकर चूरे में बदल रही हैं।
मरीजों को खराब गुणवत्ता की दवा मिलने से बचाने के लिए संबंधित बैच का स्टॉक क्वारंटीन कर दिया गया है। ड्रग इंस्पेक्टर की ओर से लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट आने तक इनका वितरण नहीं होगा। अस्पतालों में दवा की आपूर्ति पुराने स्टॉक से की जा रही है।
ड्रग वेयर हाउस बस्ती को शासन की ओर से 6.76 लाख बी-काम्पलेक्स टैबलेट की आपूर्ति की गई है। स्टॉक की जांच के दौरान दो बैच की टैबलेट में गुणवत्ता संबंधी खामी सामने आई।
रैपर से बाहर निकालते ही इनके चूरे में तब्दील होने की शिकायत पर संबंधित बैच की दवाओं को बाकी स्टॉक से अलग कर दिया गया।
ड्रग इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि अभी जांच रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट आने के बाद ही दवा की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। ा