रिक्त पदों के लिए मतदान आज होगा
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना/कसया। जिला, क्षेत्र और ग्राम पंचायत सदस्य के अलावा ग्राम प्रधान के रिक्त पदों पर चुनाव के लिए शनिवार को मतदान होगा। शातिपूर्ण चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां शुक्रवार को शाम तक निर्धारित स्थानों पर पहुंच गईं। वहां मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो जाएगा। कुल 88 पोलिंग पार्टियां लगाई गई हैं। मतदान सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
कसया में जिला पंचायत सदस्य के कसया पश्चिमी और कसया मध्य से कुल 15 तथा हाटा पश्चिमी और हाटा दक्षिणी से कुल सात सहित 22 उम्मीदवारों चुनाव मैदान में हैं। बीडीसी सदस्य के 19 रिक्त पदों के सापेक्ष विशुनपुरा में एक, खड्डा में तीन, दुदही, सुकरौली और मोतीचक में एक-एक सहित सात उम्मीदवारों ने पर्चे जमा किए थे, जिसमें विशुनपुरा के एक उम्मीदवार का एसटी का जाति प्रमाण पत्र गलत मिलने पर निरस्त कर दिया गया था। प्रधान पद के रिक्त 17 पदों के सापेक्ष पडरौना में दो, रामकोला में नौ, तमकुहीराज, दुदही और नेबुआ नौरंगिया में एक-एक उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल किया, जिसमें पडरौना क्षेत्र के रामपुर के लिए दाखिल दो तथा तमकुहीराज के अहलादपुर का एक नामांकन पत्र जाति प्रमाण पत्र गलत मिलने पर निरस्त कर दिया गया था। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम नारायण प्रसाद ने बताया कि शांतिपूर्ण चुनाव के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। कुल 88 पोलिंग पार्टियां लगाई गई हैं। 12 रिजर्व में रखी गई हैं। सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान होगा।