चाय की दुकान पर चुनावी चर्चा करते आमजन।
- फोटो : कुश्ाीनगर ब्यूरो
पडरौना । प्रत्याशियों के नामांकन के बाद शहरी क्षेत्रों में निकाय चुनावों को लेकर चर्चाएं तेज होती जा रही हैं। चाय की दुकानों से लेकर अन्य सार्वजनिक स्थलों तक पर जुटने वाले लोग उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा करते नजर आ रहे हैं। इसमें विकास, नेताओं की छवि और समाज में किए गए कार्यों की चर्चा शामिल है। पार्टी और व्यक्तित्व को भी तरजीह दी जा रही है। प्रत्याशियों के समर्थकों में भी चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल है। चर्चाओं के बीच कभी-कभी दो नेताओं के समर्थकों के बीच नोकझोंक की भी स्थिति आ जा रही है।
शहर के कोतवाली चौराहे पर स्थित एक दुकान में रविवार की दोपहर चुनाव की चर्चा हो रही थी। यहां मौजूद दो प्रत्याशियों के समर्थकों ने विकास का तर्क रखा, जिसको लेकर दोनों ओर के समर्थक करीब 10 मिनट तक अपने-अपने तर्क देते रहे। कोई अपने नेता की बुराई सुनने को तैयार नहीं था।
ऐसे ही शहर के शिवाला चौक, बेलवा चुंगी, छुछिया गेट, दरबार रोड, जटहां मोड़, कठकुइयां मोड़, रामकोला रोड, छावनी में भी चाय, पान की दुकानों पर चुनावी चर्चा देखने को मिल रही है। यहां लोग बेदाग छवि के नेता को चुनने पर सहमति जता रहे थे। संदीप नाम के एक युवक ने एक उम्मीदवार को नगर पालिका चुनाव में मौका देने की बात कही तो, वहीं महेंद्र ने शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने वाले नेता को चुने जाने की सिफारिश की, जबकि विजय ने तो बेदाग छवि और सामाजिक कार्यों में शामिल रहने वाले नेता को अपना रहनुमा चुनने की इच्छा जाहिर की।
इसी तरह रामकोला रोड पर एक चाय की दुकान में सुरेश शर्मा, विजय मद्घेशिया, संतोष, रमेश, शैफ ने भी आपस में निकाय चुनाव को लेकर चर्चा की। जगह-जगह हो रही ऐसी चर्चाओं से शहर में सियासी तापमान बढ़ रहा है। हर तरफ उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की जा रही है। इस बार के चुनाव में लोग प्रत्याशियों के गुणदोष की भी समीक्षा कर रहे है।