पडरौना। कोतवाली क्षेत्र के बसहिया बरवीरपुर गांव निवासी पशु तस्कर रियाज उर्फ ननकी से जेल में पुलिस बयान दर्ज करने जाएगी। वह कोतवाली में दर्ज कई मुकदमों में वांछित है। ननकी कप्तानगंज थाने में दर्ज एक केस में कोर्ट में हाजिर हो गया था। पडरौना कोतवाली पुलिस पर जानलेवा हमला करने का भी उस पर केस दर्ज है।
कुशीनगर पशु तस्करों के हब के रूप में चर्चित है। पूरब से पश्चिम तक पशु तस्करों के फैले जाल पर अंकुश लगाना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। करीब आठ महीने से बसहिया बरवीरपुर का पशु तस्कर रियाज उर्फ ननकी पुलिस को छका रहा था। उस पर बिहार और गोरखपुर जिले में भी पशु तस्करी का केस दर्ज है। कई थानों की पुलिस ननकी की तलाश रही थीं।
इसके घर दबिश भी ताबड़तोड़ पुलिस दे रही थी, लेकिन घर पर सिर्फ महिलाएं मिलीं। ननकी के बारे में जानकारी नहीं हो सकी।
गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के महुआचाफी गांव में पशु तस्करों द्वारा युवक की हत्या के बाद खाकी की कार्रवाई पर सवाल खड़ा होने लगा। एडीजी को गोरखपुर, कुशीनगर आना पड़ा।
इसमें कुशीनगर जिले में तैनात कुछ पुलिसकर्मियों की मिलीभगत सामने आई, जिनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई हुई। इस बीच पुलिस के चौतरफा दबाव को देखते हुए रियाज उर्फ ननकी ने कप्तानगंज थाने में दर्ज पशु तस्करी के केस में कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पडरौना कोतवाली पुलिस अब जेल में ननकी से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
सूत्रों की मानें तो ननकी के नेटवर्क में जुड़े बाकी पशु तस्करों को पुलिस ट्रेस करने में जुटी है।