कुशीनगर। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद जिले में पशु तस्करी का नेटवर्क फिर सक्रिय होता दिख रहा है। बहादुरपुर में गोवंश लदी पलटी पिकअप के मामले में पुलिस अब चेसिस नंबर के सहारे तस्करों तक पहुंचने में जुटी है। जांच में पिकअप का संबंध संभल जिले के एक वाहन मालिक से सामने आया है। इसके बाद तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम पश्चिमी उत्तर प्रदेश रवाना की गई है।
पुलिस जांच में वाहन के वास्तविक मालिक और उसका इस्तेमाल करने वालों के बीच संबंधों की पड़ताल की जा रही है। पिकअप पर नंबर प्लेट नहीं होने के कारण चेसिस नंबर के आधार पर उसकी पहचान की गई। आशंका है कि तस्कर पहचान छिपाने के लिए दूसरे जिलों के वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक पिकअप संभल जिले के सोएब के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस टीम वाहन से जुड़े लोगों और तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
इस बीच जेल से रिहा हुए पशु तस्करी के पुराने सरगना भी पुलिस के रडार पर हैं। उनके संपर्कों और दोबारा सक्रिय होने की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। बीट सिपाहियों और हल्का दरोगाओं को अपने क्षेत्रों में संदिग्ध तस्करों, उनके ठिकानों और वाहनों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि बहादुरपुर में गोवंश लदी पिकअप से तस्करों ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की थी। बैरियर से टकराकर वाहन पलट गया था, जिसके बाद तस्कर फरार हो गए थे। पिकअप से नौ गोवंश बरामद हुए थे। अब पुलिस वाहन मालिक से लेकर तस्करी के नेटवर्क और उसके सरगनाओं तक पहुंचने में जुटी है।