थानाध्यक्ष के कपड़े फाड़े, पांच पुलिसकर्मी घायल, छह हमलावर हिरासत में
महराजगंज जिले के सोहगीबरवा के पास बिहार के नौरंगिया गांव में शराब तस्कर को पकड़ने गई थी बिहार पुलिस
खड्डा। महराजगंज जिले के सोहगीबरवा के पास बिहार के नौरंगिया गांव में शराब तस्करी के आरोपी को पकड़ने गई बिहार के नौरंगिया थाना पुलिस पर हमला कर आरोपी को छुड़ा लेने का मामला सामने आया है। हमले में नौरंगिया थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। बिहार पुलिस छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बिहार पुलिस के अनुसार, 20-21 सितंबर की रात बिहार के नौरंगिया गांव निवासी नागेंद्र बीन और भूलन बीन के यूपी के महराजगंज जिले के सोहगीबरवा इलाके से शराब लेकर बिहार आने की सूचना पर घेराबंदी की गई थी। इस दौरान कुल 25.92 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई थी। मौके से दोनों तस्कर भाग गए थे। पुलिस दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो न्यायालय ने वारंट जारी किया।
बुधवार रात थानाध्यक्ष राज रौशन पांच सदस्यीय टीम के साथ सादे कपड़ों में बाइक से नागेंद्र को पकड़ने पहुंचे थे। पुलिस टीम ने वारंटी को पकड़ लिया लेकिन तभी आरोपियों के परिजन और गांव के लोगों ने बिहार पुलिस टीम को घेर लिया। इसमें महिलाएं भी शामिल थीं। तस्करी के आरोपियों के समर्थक थानाध्यक्ष सहित टीम पर टूट पड़े और मारने-पीटने लगे। थानाध्यक्ष का कपड़ा फाड़ दिया और वारंटी को छुड़ा कर भगा दिया।
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हमले में थानाध्यक्ष के फटे कपड़ों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज होते दिख रही है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। इस हमले में नौरंगिया थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों का हरनाटांड़ पीएचसी में इलाज कराया गया। इसका एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस कर्मियों की सूचना पर आई बिहार के कई थाने की पुलिस ने अलग प्राथमिकी दर्ज कर छह लोगों को हिरासत में लिया है।
वर्जन
यूपी से बिहार में शराब तस्करी के आरोपी को पकड़ने के दौरान पुलिस पर हुए हमले में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फरार वारंटी की तलाश में पुलिस छापे मार रही है।
-राजेश कुमार, एसपी, बगहा।