पडरौना। शहर के कसेरा टोली मोड़ पर ठेला लगाकर वेज बिरयानी के नाम पर कीमा-कबाब परोसने के आरोप में बाराबंकी निवासी दुकानदार को कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद बुधवार को जेल भेज दिया।
सोमवार की शाम इस मामले को लेकर शहर का माहौल गरमा गया था। कुछ युवकों ने दुकानदार की पिटाई भी कर दी थी। मंगलवार को तहरीर देकर लोगों ने कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी रही।
बाराबंकी जिले का निवासी हारुन पिछले कई वर्षों से पडरौना शहर के कसेरा टोली मोड़ पर ठेला लगाकर वेज बिरयानी की दुकान चलाता था। उसके दुकान पर कई अन्य लोग भी काम करते थे। सोमवार की देर शाम उसके दुकान पर पहुंचे कुछ युवकों ने कीमा-कबाब परोसने का आरोप लगाया। यह सुनते ही चौराहे पर लोगों की भीड़ जुट गई।
लोगों की ओर से दुकानदार की आईडी मांगी गई। आईडी नहीं दिखाने पर युवकों ने दुकानदार की पिटाई कर दी थी। उस वक्त कोतवाली पुलिस ने सक्रियता दिखाई और उसे हिरासत में लेकर आक्रोशित लोगों को शांत करा दिया। मंगलवार को भाजपा नेता नीरज सिंह बिट्टू, रितिक सिंह गौतम आदि के साथ पहुंचे आरएसएस से जुड़े विशाल प्रताप सिंह ने इस मामले में तहरीर देकर दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।
विशाल ने आरोप लगाया था कि दुकानदार खुद को हिंदू बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था और वेज बिरयानी के नाम पर वह कीमा-कबाब व चर्बी का तेल मिलाकर लोगों को कबाब पराठा खिला रहा था।
इस संबंध में इंस्पेक्टर आशुतोष सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी दुकानदार हारून निवासी बाराबंकी के खिलाफ मारपीट करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने आदि की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर बुधवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
न