हाटा। शनिवार की रात करीब 11 बजे हाटा कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की मुठभेड़ में मुक्त कराए गए पशुओं को रविवार को गोआश्रय केंद्र भेज दिया गया। पुलिस की गोली से घायल पशु तस्करी के आरोपी को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मुठभेड़ के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले तस्करों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। कंटेनर में ठूस कर लादे गए 30 पशुओं का मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें खड्डा के कोपजंगल गोआश्रय केंद्र भेज दिया गया।
पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, हाटा कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से गोवंश पशुओं को लाद कर एक ट्रक बिहार की ओर जा रहा है। हाटा कोतवाली के सुकरौली पुलिस चौकी के पास पुलिस टीम ने गाड़ा बंदी कर ट्रक को पकड़ने के लिए वाहनों की जांच कर रही थी। रात करीब 11 बजे गोरखपुर की ओर से आ रहा कंटेनर ट्रक को रोकने का इशारा किया, तो कंटेनर चालक वहां से भागने लगा। पुलिस टीम ने किसी तरह से उसे रुकने पर मजबूर कर दिया, तो उसमें सवार लोग उतर कर हाईवे के किनारे गन्ने के खेत में घुस गए।
पुलिस भी उनके पीछे खेत में घुस गई। इस दौरान पशु तस्करों ने फायर कर दिया। पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक पशु तस्कर के पैर में गोली लग गई। जबकि अन्य भाग गए। पुलिस घायल तस्कर को लेकर हाटा सीएचसी पहुंची जहां से डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल पशु तस्कर की पहचान संभल जिला निवासी फरहान के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि संभल से पशुओं को वे बिहार ले जा रहे थे।