पडरौना। जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को विशुनपुरा पुलिस ने एक पिकप वाहन में गुड़ के गत्ते में छिपाकर तस्करी के लिए ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ ली। एक तस्कर को भी दबोच लिया। मामले में पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि बुधवार को थाना क्षेत्र में पुलिस की तरफ वाहनों की जांच की जा रही थी,इस दौरान एक पिकअप सामने से आता दिखाई दिया। उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक पिकअप वाहन लेकर भागने की कोशिश की लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। वाहन सहित एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर थाने ले आया गया। तलाश में वाहन में गुड़ के गत्तों के बीच 2130 बोतल अंग्रेजी व 44 बोतल बीयर बरामद हुई।
गिरफ्तार शराब तस्कर की पहचान विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गांव बैकुंठपुर कोठी निवासी मीर आलम के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा में प्राथमिक दर्ज कर कार्रवाई में जुटी हुई है।