एनएच 28बी पर दिनदहाड़े गोली मारकर बाइक लूटने की हुई वारदात
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के लीलाधर छपरा में हुई बाइक लूट का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के लीलाधर छपरा में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े गोली मारकर बाइक लूट की वारदात हुई। इसकी वजह ढूंढने में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस विभाग ने लुटेरों को पकड़ने के लिए चार टीमें लगाई हैं, जिसमें स्वॉट और थाने की पुलिस भी शामिल है, लेकिन देर रात तक बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आए थे।
महराजगंज जिले के सदर कोतवाली के मटिनहिया चौधरी गांव के निवासी 45 वर्षीय अलाउद्दीन अंसारी को बदमाशों ने बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े उस समय गोली मार दी, जब वह पीएनबी की पिपरा बाजार शाखा में अपने साढ़ू के बेटे का खाता खोलवाकर बाइक से घर लौट रहे थे। वह नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बाबूराम बेलवनिया गांव के निवासी अपने साढू के बेटे मैनुद्दीन के साथ आए थे। लीलाधर छपरा गांव के प्रधान के घर के सामने एनएच 28बी पर बदमाशों ने उनकी बाइक छीनने की कोशिश की, विरोध करने पर बाइक की चाबी जबरदस्ती निकाल लिए और उन्हें गोली मार दी। बाइक पर तीन बदमाश सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो जिस तरीके से बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया, उससे ऐसा प्रतीत हो रहा था कि सिर्फ बाइक लूटने के लिए गोली नहीं मारते, क्योंकि गोली चलाने वाला दूसरे बदमाश ने अलाउद्दीन का चेहरा देखने के बाद गोली मारी। साथ में मौजूद साढू के बेटे के पास बैग था। बदमाशों की नजर बैग पर थी, लेकिन पूछने पर युवक ने बताया कि कागज है, कैश नहीं।
इसके बाद बदमाश बाइक लेकर भागे। लूट की वारदात के बाद जिले की पुलिस अलर्ट हुई। वाहन चेकिंग शुरू हुई, लेकिन देर रात तक बदमाशोंं को पकड़ना तो दूर, पहचान भी नहीं कर सकी।
एएसपी रितेश सिंह ने बताया कि बाइक लूट के मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। बाइक लूटने वालों को पकड़ने के लिए चार टीमें गठित की गई हैं, जिसमें स्वॉट और थाने की पुलिस भी शामिल है। जल्दी ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।