कसया। नगर में अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने बुधवार को होटलों में छापा मारा। 18 लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पूछताछ के बाद छह महिलाओं को छोड़ दिया गया। 12 लोगों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से होटल संचालकों में पूरे दिन हड़कंप की स्थिति रही।
एसआई प्रियंका तिवारी की टीम ने नगर के रेडियंस पैराडाइस होटल, आरएस ग्रैंड होटल और ममता होटल पैलेस समेत अन्य होटलों की सघन जांच की। होटलों में ठहरे लोगों का सत्यापन किया गया और होटल संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश देते हुए नोटिस दिया गया। संदिग्ध मिलने पर पुलिस लोगों को थाने लाई। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नगर में अवैध रूप से संचालित होटलों और लॉज संचालकों में खलबली मची रही।
एसओ इत्यानंद पांडेय ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान 12 लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है। होटल संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि बिना पहचान पत्र के किसी को कमरा न दें और अतिथियों का पूरा रिकॉर्ड रखें। नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।