कसया थाना क्षेत्र के अहिरौली राजा गांव में गुरुवार को दरवाजे पर काम कर रही एक महिला पर छुट्टा पशु ने हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर बाहर आए दिव्यांग पति ने बछड़े के पैर में डंडे से वार कर दिया। इससे बछड़ा भी घायल हो गया।
उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस महिला के पति और पुत्र को थाने लेकर चली गई। घायल महिला को आसपास के लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
असगर अली की पत्नी खातून निशा (50) गुरुवार को घर के बाहर सफाई कर रही थी। इसी दौरान उधर से गुजर रहे एक बछड़े ने अचानक उनपर हमला कर दिया। पत्नी की चीख सुनकर घर से निकले पति ने गुस्से में पशु के पैर में डंडे से वार कर दिया। इससे बछड़ा भी घायल हो गया।
उधर, घायल महिला को परिजनों ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया भिजवाया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस असगर और उनके पुत्र सुहेल को थाने लेकर चली गई। एसओ कसया ज्ञानेंद्र राय ने बताया कि पुलिस दो लोगों को थाने लेकर आई है। उनसे पूछताछ की जा रही है।