पत्नी को पीटा, सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर किया हमला
पचार गांव में थाने की फोर्स पहुंची तो दूसरे के घर में छिप गया, कई घरों की तलाशी के बाद पकड़ा गया
दो घंटे तक छावनी में तब्दील रहा गांव
संवाद न्यूज एजेंसी
मथौली बाजार (कुशीनगर)। पचार गांव में बृहस्पतिवार दोपहर में युवक द्वारा पत्नी की पिटाई की सूचना पर पुलिस का बाइक दस्ता पहुंचा। आरोपी ने दोनों सिपाहियों को बैठा लिया। सूचना पर एक एसआई और सिपाही पहुंचे। दोनों को ईंट से हमलाकर घायल कर दिया। हमले की सूचना पर मय फोर्स एसओ गांव पहुंचे तो आरोपी छिप गया। एक-एक घर की तलाशी ली गई तो आरोपी एक घर की छत पर पानी की टंकी के पीछे छिपा मिला। इस पूरे घटनाक्रम के कारण करीब दो घंटे तक पचार गांव पुलिस छावनी में तब्दील रहा।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पचार गांव निवासी अबरार (35) शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे पत्नी से झगड़ा कर रहा था। पत्नी ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस की मदद मांगी तो बाइक दस्ता पहुंचा। इन दोनों पुलिसकर्मियों को अबरार ने घर पर रोक लिया। पुलिस कर्मियों की सूचना पर एक एसआई व एक सिपाही को मौके पर भेजा गया। इस बार अबरार ने ईंट से प्रहार कर किया। इससे एसआई के चेहरे व सिपाही को शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट लगी। एसआई व सिपाही पर हमला की सूचना मिलते ही एसओ कप्तानगंज कपिलदेव चौधरी पुलिस टीम के साथ गांव पहुंच गए। इसी बीच आरोपी किसी घर में जाकर छिप गया। पुलिस कर्मियों ने एक-एक घर की तलाशी शुरू की तो आरोपी एक मकान की छत पर पानी टंकी के पीछे छिपकर बैठा था। सिपाहियों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पुलिस टीम उसे लेकर गांव लौटी, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना था कि आरोपी अबरार पहले भी ऐसी हरकत कर चुका है।
एसओ कप्तानगंज कपिलदेव चौधरी ने बताया पुलिस गांव में पहुंची तो आरोपी अबरार ने ईंट से प्रहार कर एक एसआई व एक सिपाही को घायल कर दिया। दो पुलिस कर्मियों के साथ पहले भी दुर्व्यवहार किया। उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया है। आरोपी अबरार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।