दबिश देने गई पुलिस टीम पर बदसलूकी का आरोप
पुलिस टीम ने भी दुर्व्यवहार की बात कही, वारंटी व उसके भाई पर दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। कस्बे के बुद्धनगरी वार्ड में वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर घर वालों ने बदसलूकी व मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस टीम ने भी दुर्व्यवहार की बात करते हुए वारंटी व उसके भाई पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
कुशीनगर नगर पालिका के बुद्धनगरी वार्ड निवासी अभिषेक पांडेय उर्फ चंदन के विरुद्ध न्यायालय से मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वारंट जारी हुआ है। इस मामले में सोमवार देर शाम पुलिस अभिषेक के घर पहुंची। यहां कोई भी पुरुष सदस्य नहीं मिला। महिलाओं का आरोप है कि उन लोगों से बदसलूकी, मारपीट और गालीगलौज की गई। घर में घुसकर सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। दरवाजे पर खड़ी लग्जरी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि पुलिस इस मामले में रविवार की रात में भी दबिश देने पहुंची थी। तब अभिषेक के बड़े भाई अक्षय पांडेय ने पुलिस को बताया था कि वारंटी बाहर है और आने पर हाजिर करा दिया जाएगा। अक्षय का आरोप है कि पुलिस की यह कार्रवाई राजनीति से प्रेरित होकर की है। अक्षय के अनुसार इस घटना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए जांच की मांग की गई है।
सीओ कसया पीयूषकांत राय का कहना है कि वारंटियों के खिलाफ चल रहे गिरफ्तारी अभियान के तहत कसया पुलिस वारंटी अभिषेक के घर गई थी। वहां पर पुलिस के साथ अमर्यादित व्यवहार हुआ। इस मामले में पुलिस ने दोनों भाइयों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस पर लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार हैं।