पड़रौना। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और न्यायालय से निर्गत वारंटियों के तामील के उद्देश्य से एसपी कुशीनगर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के क्रम में जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने अलग-अलग मामलों में कुल 19 वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना जटहां बाजार पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और दहेज उत्पीड़न जैसे मामलों से संबंधित तीन वारंटी देवेंद्र, अली अहमद और राजू उर्फ कासिम को गिरफ्तार किया। वहीं थाना बरवापट्टी पुलिस ने बीपीई एक्ट के तहत वांछित अभियुक्त अरविंद को पकड़ा। थाना अहिरौली बाजार पुलिस ने मारपीट व गाली-गलौज के मामले में वारंटी महेंद्र कुशवाहा को हिरासत में लिया। इसी क्रम में थाना विशुनपुरा पुलिस ने छेड़खानी, अपहरण, यौन शोषण, पाक्सो एक्ट एवं एससी एसटी एक्ट जैसे गंभीर मामलों से संबंधित तीन वारंटी दीनानाथ, आदेश मुसहर और लाल बाबू की गिरफ्तारी किया। थाना कप्तानगंज पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट से जुड़े एक वांछित कन्हैया को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू की है।
थाना नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने विभिन्न मामलों में छह वारंटी को गिरफ्तार किया हैं जिसमें मदन, आल्हा मोहन, एक महिला, मदन और रविलाल शामिल हैं। थाना तरयासुजान पुलिस ने मारपीट, अपहरण, पाक्सो एक्ट एवं एससी एसटी एक्ट से संबंधित चार वारंटी संजीत, विश्वनाथ, गया प्रसाद और त्रिवेणी को दबोचा।