- क्राइम ब्रांच और पटहेरवा पुलिस को मिली कामयाबी
संवाद न्यूज एजेंसी
पटहेरवा/फाजिलनगर/ उजारनाथ। पटहेरवा थाना क्षेत्र में चोरी की बाइक बेचने की कोशिश में चार शातिर पकड़े गए। उनके पास से चोरी की सात बाइक बरामद हुई। चोरी और चोरी के माल के साथ पकड़े जाने का मामला दर्ज करके पुलिस ने उनको कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पटहेरवा एसएचओ अनिल उपाध्याय ने बताया कि फाजिलनगर में चोरी की बाइक बेचने की सूचना मुखबिर ने दी। इसलिए क्राइम ब्रांच और पटहेरवा पुलिस ने फाजिलनगर सेंट जोसेफ स्कूल के पास वाहन चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस ने बाइक सवार कुछ युवकों को रोका तो वह कोई पेपर नहीं दिखा सके। तलाशी लेने पर एक युवक के पास से तमंचा और कारतूस मिला। इसके बाद पुलिस उनको थाने ले गई।
आरोपियों की पहचान गोपालगंज जिले के कटया थाना क्षेत्र के दुबे बेलवा निवासी विशाल कुमार राम, हडरवा गांव का टिंकू और तिवारीछपरा निवासी केदार कुमार और कुशीनगर जिले के चौरा थाना क्षेत्र के सुमही बुजुर्ग गांव के शशिकांत के रूप में हुई। पुलिस की सख्ती पर पकड़े गए शातिरों ने चोरी की सात बाइक बरामद कराई। पुलिस को बताया कि अलग-अलग जगहों से बाइक चुराकर वह लोग बिहार में सस्ते दामों में बेच देते हैं।
बुधवार को एक ग्राहक को बाइक बेचने के लिए पहुंचे थे, लेकिन इसके पहले पुलिस उनको दबोच लिया। उनसे पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। इस संबंध में एसएचओ अनिल उपाध्याय ने बताया कि पकड़े गए बाइक चोरों से पूछताछ की गई है। उनसे मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।