गंगुआ बाजार। तमकुहीराज थानाक्षेत्र के लतवाजीत एवं लतवा मुरलीधर के युवाओं ने सोमवार को थाने में प्रदर्शन कर पुलिस पर मनमानी का आरोप लगाया। युवाओं का आरोप है कि तमकुहीराज पुलिस ने पूर्व में चाकू मारने की घटना में प्राथमिकी दर्ज किया था। बाद में विपक्षी की ओर से प्राथमिकी दो युवकों पर दर्ज कर लिया। न्याय नहीं मिलने पर वह मामले में धरना अनशन करेंगे।
सोमवार को तमकुहीराज थाने पर ग्रामीण आशुतोष राय की अगुवाई में दर्जनों की संख्या में पहुंचे युवा तमकुहीराज थाने पर पहुंच कर पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगे।
विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं का आरोप था कि बीते नवंबर माह में लतवा मुरलीधर स्थित ब्रह्मस्थान के समीप चाकूबाजी की घटना हुई थी। मामले में पुलिस ने बीते 27 नवंबर को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
मुकदमे में दो युवक गवाह बनाए गए थे। मामले में तमकुहीराज पुलिस ने आरोपियों को बचाने के उद्देश्य से उक्त मुकदमे में गवाह बनाए गए दो युवकों के खिलाफ फर्जी एवं मनगढ़ंत तहरीर के आधार पर 16 दिसम्बर को केस दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि मामले में उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह न्याय के लिए धरना अनशन करने को बाध्य होंगे।
इस दौरान संजीत सिंह, दिनेश सिंह, पंकज यादव, विकास पाण्डेय, रवि गुप्ता आदि मौजूद रहे। थानाध्यक्ष तमकुहीराज सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि आज कुछ लोग थाने पहुंचे थे। दोनों पक्षों से दर्ज इस मुकदमे में अपना पक्ष रख रहे थे।पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है। जाच में जो भी तथ्य सही होगा उसे विवेचना में शामिल किया जाएगा। किसी निर्दोष को पुलिस नहीं फ़ंसाएगी।