महिला को पीट-पीटकर मार डालने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के खड्डा बुजुर्ग गांव में एक महिला को पीट-पीटकर मार डालने की घटना के बाद परिजन इस बात पर अड़ गए थे कि जब तक हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं होगा तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। परिजनों के दबाव के आगे पुलिस को झुकना पड़ा। अब गैर इरादतन हत्या की धारा को हत्या में तब्दील कर दिया है।
इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। इस पर कोतवाल ने सुधि लेते हुए सोमवार की शाम पीड़ित का बयान लेते हुए धारा में परिवर्तन करते हुए हत्या का मुकदमा कायम कियाहै। पीड़ित पक्ष के लोगों ने अमर उजाला को धन्यवाद दिया। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के खड्डा बुजुर्ग गांव में शुक्रवार की शाम तकरीबन पांच बजे प्रहलाद की पत्नी मीरा(35) गांव के दक्षिण स्थित रेलवे लाइन के समीप बकरी चरा रही थी।
मृतका के परिजनों की तरफ से बताया गया कि उसी समय गांव के ही मनोज पुत्र बाबूलाल ने पुरानी रंजिश को लेकर महिला के सिर पर डंडे से प्रहार कर दिया था। गंभीर रूप से घायल मीरा को जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। घटना के बाद आरोपी भाग गया था। पुलिस ने उसे शनिवार को पडरौना कोतवाली क्षेत्र के सुसवलिया गांव के पास गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सदर कोतवाली में सोमवार को मृतका मीरा के पति प्रहलाद, बेटी रेशमी, जेठ रामभरोसा सहित गांव के 20 से अधिक लोग पहुंचे। कोतवाल राजप्रकाश सिंह से मिलकर बताया कि वह बहुत गरीब है। कर्ज लेकर मृतका का पति दुबई कमाने गए थे। घटना हो जाने पर तीन महीना में ही वापस आना पड़ा। तीन छोटे बच्चे हैं। घर पर छत नहीं है।
इस पर कोतवाल ने आर्थिक सहायता के लिए उच्च अधिकारियों से बात करने के लिए कहते हुए विवेचक को बुलाकर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
...
गवाहों का बयान लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर गैर इरादतन हत्या की धारा को हत्या में परिवर्तन कर दिया गया है। पीड़ित पक्ष गरीब है। इसके लिए उच्च अधिकारियों से बात करके सरकारी सुविधा के लिए प्रयास किया जाएगा। आरोपी जेल में है।
राजप्रकाश सिंह, सदर कोतवाल