भैंसहा घाट पर पीपा पुल का हुआ निर्माण, आवागमन शुरू
विधायक विवेकानंद पांडेय के प्रयास से लोगों को मिली राहत
खड्डा। गंडक नदी के भैंसहा घाट पर करीब डेढ़ माह की देरी से पीपा पुल का निर्माण कार्य पूरा हो गया। सोमवार को पुल से आवागमन शुरू होने पर लोगों को राहत मिल गई। क्षेत्रीय विधायक विवेकानंद पांडेय के प्रयास से सफलता मिली है।
गंडक के भैंसहा घाट पर पीपा पुल से कुशीनगर, महराजगंज और बिहार के लोग आवाजाही करते हैं। हर साल जून माह में बाढ़ आने के पहले इसे हटा दिया जाता है। इसके बाद अक्तूबर माह के अंत तक पीपा पुल स्थापित कराकर आवागमन कराया जाता है। इस साल नदी की चौड़ाई बढ़ गई, जिससे कुल 90 पीपा लगाकर पुल तैयार किया गया है। रविवार शाम इसका काम पूरा हुआ, इसके बाद सोमवार से लोगों की आवाजाही होने लगी।
खड्डा क्षेत्र के नदी पार बसे मरचहवा, बसंतपुर, शिवपुर, हरिहरपुर, नरायनपुर आदि गांवों सहित महराजगंज जनपद के निचलौल तहसील के सोहगीबरवा, शिकारपुर, मटियरवा, नौका टोला, भोथहां और मूजा टोला के लोगों का बिहार से आवागमन होता है। इससे लोगों को करीब 50 किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है। पीपा पुल लगने से यह दूरी नौ किलोमीटर में सिमट गई है। इससे यूपी और बिहार के किसानों को खेती करने, रिश्तेदारी में आने-जाने सहित अन्य कामों में सहूलियत होगी।
इस संबंध में विधायक विवेकानंद पांडेय ने बताया कि पीपा पुल के संचालित होने से लोगों को नदी पार करने में सुविधा मिल गई है। इस घाट पर पक्का पुल बनाने के लिए प्रयास चल रहा है।