कसया (कुशीनगर)। पुलिस ने चोरी व टप्पेबाजी की घटनाओं में सक्रिय एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक चार पहिया वाहन सहित चोरी में प्रयुक्त औजार भी बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, रविवार को कसया थाना क्षेत्र के एयरपोर्ट मार्ग से आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर कसया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज कपूर निषाद, श्याम सुन्दर और सत्येन्द्र निषाद निवासी पंडरी लिलई कोठी थाना हाटा, आदित्य कुमार निवासी पचोहिया थाना गौरी बाजार, और विक्की कुमार निवासी जमवारी जगत बेला थाना चिलुआताल, गोरखपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सफेद रंग की कार, तीन पेचकस, एक प्लास, एक पाइप नुमा धातु की हथौड़ी और दो सरिया बरामद किए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध कुशीनगर, देवरिया एवं महराजगंज जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, गैंग से जुड़े अपराध, एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट सहित कई मामले पूर्व से दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और चोरी व टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। इनसे पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पता लगाया जा रहा है।