गोड़रिया। राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विशुनपुरा थाना प्रभारी को मांग पत्र सौंपा। इसमें क्षेत्र के एक युवक पर एआई की तकनीक से राम पर आंबेडकर द्वारा मारने पीटने का फोटो बनाकर सोशल मीडिया वायरल करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई है।
राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला उपाध्यक्ष विनय कुमार यादव की अगुवाई में विशुनपुरा थाने पहुंचे डेविड गुप्ता, सुरेंद्र कुमार, मधुसूदन चौहान, बबलू कुशवाहा ने थाना प्रभारी अनिल सिंह यादव को मांग पत्र सौंपा। इसमें संगठन के लोगों ने कहा कि थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक ने एआई तकनीक से फोटो के साथ छेड़छाड़ कर राम को आंबेडकर के हाथ मारने-पीटने का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल किया है। इससे सनातन धर्म मनने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष अनिल सिंह यादव ने बताया कि संगठन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आरोपी अच्छे लाल निवासी मिश्रौली, थाना विशुनपुरा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।