पकवा इनार। राजकीय बौद्ध संग्रहालय में मंगलवार को भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस दौरान ‘सरदार पटेल एकीकरण के शिल्पी’ विषयक छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। बुद्ध समाज कल्याण पूर्व माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों की सहभागिता रही।
मुख्य अतिथि बुद्ध पीजी कॉलेज के मध्यकालीन इतिहास के प्रोफेसर डॉ. त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया। कहा कि भारतीय स्वतंत्रता सेनानी और लौह पुरुष सरदार पटेल ने भारत की आजादी और रियासतों को भारतीय संघ में मिलाने में अहम योगदान दिया था। सरदार पटेल भारत के पहले उप प्रधानमंत्री व स्वतंत्र भारत के प्रथम गृह मंत्री भी रहे हैं। इस वर्ष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 149वीं जयंती मनाई जा रही है। संग्रहालय के वरिष्ठ सहायक तेज प्रताप शुक्ला ने अतिथियों आभार प्रकट किया। संवाद