तमकुहीराज सीएचसी में डॉक्टर नहीं मिलने की जानकारी देते तीमारदार। सोशल मीडिया।
कुशीनगर। सीएचसी तमकुहीराज में मंगलवार के दिन ड्यूटी के दौरान आकस्मिक डॉक्टर के अलावा कोई डॉक्टर, फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वाय, स्टाफ नर्स मौजूद नहीं थे। सीएचसी अधीक्षक का कमरा भी खाली रहा। इलाज कराने आए मरीजों को इधर-उधर भटकना पड़ा। मामले से जुड़ी कई वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वायरल वीडियो में इलाज कराने आए मरीज अपनी समस्याओं की जानकारी दे रहे हैं। एक मरीज अस्पताल से बाहर की लिखी दवा व छोटी पर्ची भी दिखा रहा है। एक वीडियो में फार्मासिस्ट कक्ष के सामने मौजूद व्यक्ति मेडिकल रिपोर्ट के लिए सीएचसी आने की बात कह रहा है। इस वीडियो क्लिप में 11:54 बजे का समय भी बताया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो क्लिप की सत्यता की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
सोशल साइट पर सीएचसी तमकुहीराज पर तैनात जिम्मेदारों की लापरवाही की कलई खोलने वाले कई वीडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रहे है। वायरल वीडियो में आकस्मिक ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर मजहर ड्यूटी पर मौजूद हैं, जबकि सीएचसी अधीक्षक डॉ. हिमांशु कुमार, फार्मासिस्ट सचिंद्र राय समेत अन्य जिम्मेदारों का कक्ष खाली दिख रहा है। वायरल वीडियो में गार्ड का कहना है कि आज एक डॉक्टर को छोड़ कोई डॉक्टर ड्यूटी करने नहीं आया है। वहीं, कुछ मरीज व तीमारदार इलाज के लिए भटकते दिख रहे है। वीडियो में एक तीमारदार अस्पताल की सरकारी पर्ची दिखा रहा है। उस पर कोई भी दवा नहीं लिखी गई है। उसके साथ एक छोटी पर्ची पर दवाओं का नाम लिख कर अस्पताल के बाहर से खरीदने के लिए भेजा गया है।
तीमारदार उस पर्ची व बाहर से खरीदी दवा को दिखा भी रहा है। फर्मासिस्ट सचिंद्र राय के कक्ष भी खाली रहा और बाहर दिख रहा शख्स मेडिकल रिपोर्ट के लिए सीएचसी आने की बात कह रहा है। एक व्यक्ति चोट की पट्टी बदलवाने के लिए सीएचसी पर आने की बात कह रहा है। इसके अलावे भी वायरल वीडियो क्लिप में मरीज व सीमारदार दिखाई दें रहे है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. हिमांशु कुमार ने बताया 12:30 बजे तक ओपीडी संचालित की गई है। उसके बाद आकस्मिक ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर इलाज कर रहे थे। बाहर की दवाएं नहीं लिखी जाती हैं। कोई मरीज बाहर से इलाज के बाद दवा दिखाने के लिए अस्पताल लाया होगा।