कसया। कुशीनगर आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए बनाई गई गई पर्यटक पुलिस की व्यवस्था यूपी के अन्य पर्यटन स्थलों पर भी लागू होगी। सीएम को यह व्यवस्था बहुत पसंद आई है और एसपी से उन्होंने इसके विषय में पूरी जानकारी ली है। जल्दी ही इस पर अमल भी शुरू हो सकता है।
कुशीनगर में हर वर्ष 55 से 60 हजार विदेशी पर्यटक आते हैं। इन्हें कई बार सुरक्षा समेत अन्य दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यहां के पर्यटक स्थलों, ठहरने की व्यवस्था समेत अन्य समस्याओं का भी सामना करना पड़ता है। एसपी यमुना प्रसाद ने इनकी समस्याओं को महसूस किया और जिले में तैनात पुलिस कांस्टेबल में से 15 की एक टीम बनाई। इसमें दो महिला कांस्टेबल भी हैं। इन्हें कुशीनगर के एक होटल में ही प्रशिक्षण भी दिलाया गया। इन सिपाहियों के चयन में इस बात का ख्याल रखा गया कि उनमें हिन्दी के साथ ही अंग्रेजी भाषा की भी ठीकठाक जानकारी हो। चयनित सिपाहियों को पर्यटन से संबंधित तमाम जानकारियां दी गईं। चयनित सिपाहियों को ट्रेनिंग के बाद 6 बाइक उपलब्ध कराई गई। इन सिपाहियों का कार्य यह होगा कि आने वाले पर्यटकों को सुरक्षा संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के अलावा रहने व घूमने के अन्य स्थानों की जानकारी दें। साथ ही अगर टैक्सी या अन्य साधनों के लिए कोई समस्या हो तो उसके समाधान का प्रयास कराएं।
सीएम ने कार्यक्रम के अंत में इस पर्यटक पुलिस टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीएम ने अपने संबोधन के दौरान भी इसका जिक्र करते हुए कुशीनगर पुलिस की तारीफ की। साथ ही इसे अन्य पर्यटक स्थलों पर भी लागू कराने की बात कही। एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि मंच से उतरते वक्त भी सीएम ने उनसे इस विषय में पूरी जानकारी ली। सीएम के उत्साहवर्द्घन से खुश एसपी ने बताया कि इस व्यवसथा को और मजबूत किया जाएगा।