रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : कुश्ाीनगर ब्यूरो
छितौनी। गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन सुचारु रूप से न किए जाने से नाराज लोगों ने रविवार को पनियहवा रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया। इन लोगों ने जनप्रतिनिधियों और रेलवे के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और ट्रेनों का संचालन समय पर किए जाने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि 13 अगस्त को बाढ़ की वजह से चमुआ रेलवे स्टेशन के समीप पुल धंस गया था, जिसकी वजह से 15 दिनों तक बिहार जाने वाली छह जोड़ी सवारी गाड़ियों और दो जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन इस रूट से बंद कर दिया गया था। फिर धीरे धीरे डेमू ट्रेन को बगहा व रामनगर के बाद नरकटियागंज तक चलाया जाने लगा। उसके बाद 14 सितंबर को चमुआ रेलवे स्टेशन के समीप मालगाड़ी डिरेल हो जाने के बाद पूर्व मध्य रेलवे व पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों ने एक जोडी सवारी गाड़ी व एक्सप्रेस गाड़ियों के संचालन पर रोक लगा दी थी। फिर पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों के आदेश पर 55042, 55072 व 55080 सवारी गाड़ी बिहार के नरकटियागंज व बेतिया जाने लगी। वहीं शाम 6:45 बजे गोरखपुर से चलने वाली 55030 नंबर की सवारी गाड़ी का समय रात में 10 बजे कर देने से इस इलाके के यात्रियों को रात में पनियहवा स्टेशन पर ठहरना पड़ रहा है। इन लोगों ने ट्रेनों के संचालन में समय तथा यात्री सुविधाओं का ख्याल रखे जाने की मांग की।
प्रदर्शन करने वालों में चौतरवा निवासी ब्रजेश कुमार, बेतिया निवासी शाहजाद, अनवारी, विकास कुमार, ओम प्रकाश, आभा देवी, अशरद, दिनेश कुमार, टुन्नू कुमार, सुजित कुमार आदि शामिल थे।