पडरौना।विश्व मधुमेह दिवस पर मंगलवार को पडरौना नगर में जागरुकता रैली निकाली गई। इसे डीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में एनसीसी कैडेट्स भी शामिल थे। नगर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण के बाद रैली पुन: नगर के उदित नारायण पीजी कॉलेज के मैदान में पहुंचकर समाप्त हुई।
विश्व मधुमेह दिवस पर स्वास्थ्य विभाग और नेशनल कैडेट कोर के अफसर व कैडेट्स मंगलवार को पडरौना नगर के उदित नारायण पीजी कॉलेज के मैदान में एकत्र हुए। दिन के करीब 11 बजे डीएम आंद्रा वामसी ने हरी झंडी दिखाकर जागरुकता रैली को रवाना किया। उन्होंने कहा कि मधुमेह काफी खतरनाक बीमारी है। समय पर इसकी जांच और इलाज से बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीएमओ डॉ. अखिलेश कुमार, एसीएमओ डॉ. एसपी सिंह, डीसीपीएम आनंद त्रिपाठी सहित अन्य लोग शामिल थे, वहीं एनसीसी पडरौना की तरफ से सूबेदार मेजर अशोक कुमार, मेजर जगमोहन त्रिपाठी तथा एनसीसी के अन्य अफसर तथा काफी संख्या में कैडेट्स शामिल थे। यह रैली पडरौना नगर के यूएनपीजी कॉलेज के मैदान से शुरू होकर कोतवाली रोड, धर्मशाला रोड, रामकोला रोड और पुन: कोतवाली रोड होते हुए कॉलेज के मैदान में पहुंचकर समाप्त हो गई। इस बीच रैली में शामिल लोगों ने नगरवासियों तथा आने जाने वाले लोगों को मधुमेह के प्रति जागरुक किया।