नदी पार फंसे लोगों को सुरक्षित ले आई एसडीआरएफ टीम
बरवापट्टी (कुशीनगर )। गंडक नदी के उत्तर तरफ अपने खेतों में गए सभी लोगों को वापस उनके घर पहुंचा दिया गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने व नाव संचालन पर रोक लगने के चलते ये लोग पिछले कई दिनों से नदी के दूसरी तरफ बनी झोपड़ियों में रह रहे थे। इन लोगों को एसडीआरएफ टीम की मदद से वापस लाया गया।
अमवाखास के टोला गोकुला, गिधौना, मुजौना, हरपुर,भगवानपुर, रक्तहिया, हसुवही, बक्सर आदि के लोग गंडक नदी की दूसरी तरफ स्थित अपने खेतों में भी झोपड़ी बनाकर रहते हैं। खेती करने गए ये लोग बाढ़ के चलते उधर ही फंसे हुए थे। प्रशासन ने सभी को एसडीआरएफ की टीम बुलाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। अमवाखास के ग्राम प्रधान स्वामीनाथ यादव ने डीएम से मिलकर अपने गांव के लोगों को संसाधन समेत वापस बुलाने का अनुरोध किया था। शनिवार की सुबह एसडीएम तमकुहीराज एआर फारुकी व सीओ फूलचंद कन्नौजिया एसडीआरएफ की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मोटरचालित नाव व एसडीआरएफ की मदद से ट्रैक्टर-ट्राली, मवेशी, बैलगाड़ी, और लोगों को सुरक्षित निकालकर वापस उनके घर भेजा।
एसडीएम एआर फारुकी ने कहा कि बरसात में अगर कोई किसान बिना प्रशासन को सूचना दिए नाव से नदी उस पार गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसओ सुरेशचंद्र राव, ग्राम प्रधान स्वामीनाथ यादव, मनोहर व एसडीआरएफ की टीम मौजूद रही।