पर्चा दाखिले के अंतिम दिन भी शहर के लोगों को जाम से जूझना पड़ा। सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के बीच उम्मीदवारों के समर्थकों के बढ़ी भीड़ से लगे जाम ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। एनएच 28 बी बार-बार लगते रहे जाम से लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सुबह 10 बजने से पहले ही उम्मीदवार समर्थकों के साथ पर्चा दाखिल करने जिला मुख्यालय पहुंचने लगे। रामकोला, खड्डा व पडरौना सीट से उम्मीदवारों के समर्थन में आई गाड़ियों की वजह से पडरौना नगर में भीड़ बढ़ने लगी। पहले से ही खराब शहर की यातायात व्यवस्था इस अतिरिक्त भीड़ की वजह से और बिगड़ गई। छावनी से लेकर बावली चौक तक एनएच 28 बी पर बेतरतीब खड़े वाहनों ने परेशानी और बढ़ा दी। जाम के चलते कठकुइयां मोड़ व छावनी के कुबेरस्थान मोड़ पर लोगों को सर्वाधिक दिक्कत हो रही हैं।
दोनों ही जगह पुलिस की व्यवस्था न होने के चलते जाम में फंसे लोगों को आगे बढ़ने में बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार को भी शहर में इसी वजह से पूरे दिन जाम की नौबत बनी रही थी। इसके बावजूद प्रशासन ने मंगलवार को कोई इंतजाम नहीं किया।