बोदरवार। क्षेत्र के मोहन मुंडेरा गांव के लोगों ने शनिवार को सड़क निर्माण की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेताया कि यदि शीघ्र सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि बड़ी नहर स्थित मानव रहित रेल पुल का रास्ता रेल ने बंद कर दिया है। रेलवे ने नरहर छपरा गांव के समीप रेल फाटक का निर्माण कराया है। यदि यही रेल फाटक नहर पुल पर बना होता, तो मोहन मुंडेरा, देवकली उर्फ चकिया, मठिया, बनकटा, पोखरभिंडा, बेलवनिया, बनकटा, सोढ़रा कोड़रा आदि गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा होती। अब मोहन मुंडेरा गांव के लोगों को मठिया गांव के रास्ते बोदरवार पिपराइच जाने के लिए अधिक दूरी तय करना पड़ता है। नरहर छपरा से बड़ी नहर तक रेलवे की तरफ से बनाई गई सड़क टूट गई है। इस पर राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। लोगों ने चेताया कि यदि इस क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान मणींद्र दुबे, बुद्धू प्रसाद, कोलाई प्रसाद, शहाबुद्दीन आदि मौजूद रहे।