पडरौना। कोतवाली परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने लोगों की फरियाद सुनीं। डीएम ने पुलिस और राजस्व अधिकारियों को टीम बनाकर लोगों की शिकायतों का निस्तारण करने का निर्देश दिया। समाधान दिवस में 16 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें चार का मौके पर निस्तारण किया गया।
डीएम ने कहा कि प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में संवेदनशील रहें। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को राजस्व टीम बनाकर पुलिस बल की सहायता से मौके पर जाकर मिली शिकायतों के निस्तारण करने का निर्देश दिया। इस मौके पर कुल 16 शिकायतें दर्ज हुई, जिसमें से चार का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 12 शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया।इस दौरान सदर एसडीएम व्यास नारायण उमराव, सीओ सदर अभिषेक प्रताप, कोतवाल सुशील शुक्ला आदि मौजूद रहे।
तमकुहीराज प्रतिनिधि के अनुसार थाना परिसर में शनिवार को तहसीलदार चंदन कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर अतुल कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कोइंदी बुजुर्ग निवासी प्रमिला देवी ने राजस्व से जुड़ी शिकायत की। इसके बाद बसडीला गुनाकर निवासी तारकेश्वर शाही ने जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इसको गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने शिकायत की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पिपरा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार नेबुआ नौरंगिया थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस मारपीट के चार मामले तीन दर्ज किए गए। इसमें से तीन मामले का मौके पर निस्तारण किया गया। इसके अलावा राजस्व के आए पांच मामलों के निस्तारण करने के लिए जांच टीम गठित कर मौके पर जाकर निस्तारण करने का निर्देश दिया।
इस दौरान एएसपी रितेश कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, एससआई रामेश्वर यादव, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव, ज्योति, अनिल यादव, अखिलेश कुमार, नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार, कानूनगो नकक्षेद साह, लेखपाल प्रदीप पासवान, संजीव कुमार पाठक, लेखपाल विनय सिंह, अमित यादव आदि मौजूद रहे।
कप्तानगंज प्रतिनिधि के अनुसार थाना परिसर में एसडीएम योगेश्वर सिंह और नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह की मौजूदगी में थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 11 मामले आए, जिसमें से तीन मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
मथौली नगर पंचायत के देवदत्त ने एसडीएम से कहा कि हिस्सा बटवारे को लेकर धारा 24 किया गया है, लेकिन तीन माह बीतने के बाद भी अभी तक पत्थर नही लगा है। ग्राम सभा माफी टोला निवासी सेलून निशा ने बताया की उनके पति की मौत होने के बाद वरासत होना है। लेकिन एक माह बीतने के बाद अभी तक वरासत नहीं हुआ। इस दौरान एसओ राजकुमार बरवार, मारकंडेय गुप्ता, विचित्र मणि त्रिपाठी, दुर्विजय सिंह, चंदन कुमार आदि मौजूद रहे।
तरयासुजान प्रतिनिधि के अनुसार तरयासुजान थाना परिसर में थाना प्रभारी आशुतोष सिंह के अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें राजस्व से जुड़े सात और पुलिस से जुड़ा एक मामला दर्ज हुआ। इसमें से किसी भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका।
कसया प्रतिनिधि के अनुसार थाना परिसर में तहसीलदार धर्मवीर सिंह और सीओ कुंदन सिंह की मौजूदगी में थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें बाबा साहब आप्टे नगर निवासी चंदा देवी ने बताया कि बैनामा की जमीन ली हूं। जिसपर बगल के लोग जबरजस्ती कब्जा कर रहे हैं। कई बार तहसील और थाने में शिकायती पत्र दी हूं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। तुर्कवलिया दरियाव सिंह और अलीहन ने कोरा का बटवारा को लेकर शिकायत की। बेलवा पलकधारी निवासी हरेंद्र सिंह ने कहा कि बेटे के जन्मदिन पर पटाखे फोड़ने को लेकर पटीदार से ही मारपीट हो गई है। उन्होंने कार्रवाई की मांग की।