संवाद न्यूज एजेंसी
मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के अरनहवा गांव में पीएम आवास के पात्र व अपात्र करने एवं आवास की धनराशि दूसरे खाते में भेजने के मामले में सीडीओ के निर्देश पर पीडी जांच करेंगे l इस मामले में बृहस्पतिवार को एक भाजपा नेता ने सीडीओ को पत्र देकर जिला स्तरीय कमेटी से जांच कराने की मांग की थी।
अरनहवा के लोगों ने बीते माह में सीडीओ को पत्र दिया था। लोगों का आरोप था कि प्रधानमंत्री आवास के पात्र लाभार्थियों के खाते में पैसा नहीं भेजकर दूसरे के खाते में भेजा गया है। सीडीओ के निर्देश पर बीडीओ ने त्रिस्तरीय टीम गठित कर जांच कराई थी। इसके बाद एक लाभार्थी को सचिव व ग्राम प्रधान ने एक लाख दस हजार की धनराशि वापस की थी। तीन को क्लीन चिट दे दी गई।
इसके बाद भाजपा नेता राधेश्याम गुप्ता व जीतेंद्र यादव ने बृहस्पतिवार को सीडीओ को पत्र देकर जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच टीम ने मौके पर मिले सही तथ्य को छुपा कर रिपोर्ट भेजी है l बीडीओ ने भी स्वयं एक जांच में दिव्यांग परिवार को आर्थिक मदद की थी।
शर्मा पुत्र सीताराम, रविंद्र पुत्र शंकर, पप्पू पुत्र रमाशंकर, अकलू पुत्र भोला, जीतेंद्र पुत्र मंगनी, सुगंती पत्नी मेल्हू झोपड़ी में रहते हैं, लेकिन आवास से वंचित कर दिया गया है l इसको गंभीरता से लेते हुए सीडीओ गुंजन द्विवेदी ने पीडी को जांच के निर्देश दिए हैं।