पडरौना। जिले में 12 अक्तूबर को पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए जिले के सात कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां कुल 2880 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए डीएम ने सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। अब कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की प्रक्रिया की जा रही है।
डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि उप्र लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक तथा सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा प्रारंभिक परीक्षा 12 अक्तूबर को होगी। पहली पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। इसके लिए जिले के सात कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गयाहै। परीक्षा की सुचिता और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र के लिए अलग-अलग सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। रिजर्व के तौर पर सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा एक-एक सह केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। प्रत्येक चार परीक्षा कक्ष पर एक-एक सहयोगी अंतरीक्षक तैनात किए गए हैं, जो परीक्षा कक्ष से केंद्र के कंट्रोल रूम तक प्रपत्र ले जाएंगे। परीक्षा के लिए कुल 120 कक्षा निरीक्षक तैनात किए गए हैं, इसमें से 50 प्रतीशत कक्षा निरीक्षक बाह्य होंगे।