सुकरौली। पर्व की छुट्टी के चलते परिवार के साथ त्योहार मनाने घर आए लोग जब वापस अपने गंतव्य को लौट रहे तो बसें नहीं मिल रही हैं। शुक्रवार को सुकरौली कस्बे में यात्रियों को घंटों हाईवे पर खड़े होकर इंतजार करना पड़ा।
इक्का-दुक्का बसें भी आती दिखी तो कस्बे के स्टॉप पर नहीं रुकती थी। अपनी ट्रेन और बस की पहले से टिकट लिए लोगों को शाम तक इंतजार करने के बाद टेंपो रिजर्व कर अपने गंतव्य तक जाना पड़ा।
छठ पर्व पर विशेष रूप से विभागीय स्तर पर यातायात के लिए परिवहन निगम सैकडो बसें चलाने का दावा करती है लेकिन यह दावा जमीनी रूप से फिसड्डी रही और यात्रियों की भीड़ के आगे यह व्यवस्था बेदम रही। गंतव्य को जाने के लिए सुकरौली से गोरखपुर होकर बाहर नौकरी और अपने घर जाने वाले यात्री कस्बे के बस स्टॉप पर घंटों खड़े होकर जूझते रहे।
ओमप्रकाश मिश्र, रमेश, साबिया खातून, उमाशंकर, प्रदीप, सागर आदि ने बताया कि मुंबई और पंजाब जाना है। ट्रेन का टिकट है लेकिन बस नहीं मिलने से गाड़ी छूट जाएगी। इनके काफी लोग बस स्टॉप पर समय से पहुंच गए लेकिन यात्रियों को दो से तीन घंटे तक बसों का इंतजार करना पड़ा।