पडरौना। प्रयागराज में आयोजित माघ मेला में जिले के श्रद्धालुओं को ले जाने के लिए पडरौना डिपो की तरफ से चल रही तैयारी अंतिम चरण में है। सड़क परिवहन निगम की तरफ से माघ मेले में प्रमुख स्नान पर्वों के लिए बसों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए पडरौना डिपो की तरफ से 30 बसें संचालित होंगी। डिपो प्रशासन की तरफ से चालकों-परिचालकों की ड्यूटी भी लगा दी गई हैं।
निगम की बसों के माघ मेला में जाने के चलते लोकल रूटों पर यात्री ढोने की जिम्मेदारी अनुबंधित बसों पर आग गई है। ऐसे में लोकल रूटों पर चलने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। रोडवेज डिपो के बेड़े में वर्तमान में निगम की 38 बसें हैं। हर बार की तरह इस बार भी निगम माघ मेले में यात्रियों की सुविधा के लिए बसें चलाएगा।
प्रयागराज में प्रस्तावित माघ मेले में 15 जनवरी को मकर संक्रांति, 18 जनवरी को मौनी अमावस्या, 23 जनवरी को बसंत पंचमी, एक फरवरी को माघी पूर्णिमा और महाशिवरात्रि पर 15 फरवरी को स्नानार्थियों की भीड़ उमड़ेगी।
इनके लिए अधिक संख्या में बसों की जरूरत होती है। जिले से प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में किसी भी तरह की असुविधा न हो इसके लिए परिवहन निगम की तरफ से 30 बसों को संचालित करने के लिए चिन्हित किया गया। इनमें से 10 बसें पडरौना बस स्टेशन पांच बस कसया बस स्टेशन, 10 बस रूद्रपुर, तीन बस गोरखपुर जिले के कौड़ीराम से संचालित होंगी। इसके अलावा पडरौना डिपो की दो बसे सटल सेवा के रूप में मेला स्थल पर संचालित हाेंगी, जो वहां पहुंचे श्रद्धालुओं को गंगा स्नान कराएंगी। निगम की 30 बसें प्रयागराज माघ मेला के लिए चिन्हित होने के चलते लंबी दूरी के लिए केवल आठ बसें हैं शेष हैं।