तमकुहीराज। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक निवासी पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंप यात्रा के दौरान कस्बे से संचालित होने वाले एक निजी बस से गहने चोरी होने का आरोप लगाया है। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के चखनी खास निवासी ओमकार पाण्डेय की बेटी की शादी बिहार के गोपालगंज जिले के दुबवलिया गांव निवासी नंदकिशोर पाण्डेय के बेटे अंकित पाण्डेय के साथ हुई है।
अंकित का पूरा परिवार नई दिल्ली के फ़रीदाबाद में रहता है। छठ पर्व के बाद दो नवंबर को अंकित अकेले लौट गए जबकि उनकी पत्नी, मां, दो बहनें व पिता सोमवार को गांव सें नई दिल्ली के लिए निकले। सोमवार सुबह रिजर्व वाहन से परिवार की चार महिलाएं व नंदकिशोर पाण्डेय रिवर्ज वाहन से तमकुहीराज कस्बे में पहुंचे और अपने रिश्तेदार ओमकार पाण्डेय को भी तमकुहीराज कस्बे में बुला लिया। ओमकार ने चार महिलाओं व अपने समधी नंदकिशोर पाण्डेय को गोरखपुर तक की यात्रा के लिए कस्बे के ओवरब्रिज चौराहे से निजी बस में बैठा दिए। पांचों लोग जब गोरखपुर में उतरने लगे तो बस से बैग मिला तो उसमें से आभूषण गायब मिला। प्रभारी थानाध्यक्ष तमकुहीराज दिनेश साहनी ने बताया कि घटनास्थल गोरखपुर है इसलिए पीड़ित को नजदीकी थाने में शिकायत की सलाह दी गई है।