पडरौना से महराजगंज तक रोडवेज बस नहीं चलने से यात्री होते हैं परेशान
- 70 किलोमीटर की दूरी के लिए देना पड़ता है 185 रुपये किराया
- महराजगंज जाने के लिए यात्रियों को कई जगह बदलना पड़ता है रूट
पडरौना। पडरौना से पड़ोसी जिले महराजगंज जाने के लिए रोडवेज की तरफ से किसी भी बस का संचालन नहीं होता है। इसकी वजह से महज 70 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए यात्रियों को तीन जगह सवारी बदलने के अलावा 185 रुपये किराया देना पड़ता है। इससे यात्रियों को यात्रा के दौरान कई तरह की परेशानियों के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है।
पडरौना डिपो की तरफ से 21 निगम और 14 अनुबंधित बसों का संचालन होता है। इसमें से कुछ बसें लखनऊ और दिल्ली के लिए संचालित होती हैं, जबकि अधिकांश बसें गोरखपुर, देवरिया और बलिया के लिए संचालित होती हैं। लेकिन इसमें से एक भी बसों का संचालन कुशीनगर के पड़ोसी जिले महराजगंज के लिए नहीं होती हैं। पडरौना और आस-पास के लोगों की रिश्तेदारी पड़ोसी जिला महरागंज के विभिन्न शहर और गांवों में है। वहां जाने के लिए हर दिन करीब एक हजार लोग प्राइवेट सवारी वाहनों का सहारा लेते हैं। इसके अलावा पडरौना और महराजगंज समेत इन जिलों के विभिन्न कस्बों और गांवों के लोग एक दूसरे जिले में नौकरी भी करते हैं। रोडवेज की तरफ से बसों का संचालन नहीं होने से इन्हें यात्रा के दौरान परेशानी उठानी पड़ती है।
जिला मुख्यालय पडरौना से महराजगंज की दूरी करीब 70 किलोमीटर है। इस दूरी को तय करने के लिए लोगों को पडरौना से कप्तानगंज, यहां से परतावल जाना पड़ता है। इसके बाद लोगों को महराजगंज के लिए साधन मिलता है। इसके लिए यात्रियों को पडरौना से कप्तानगंज (30 किलोमीटर) के लिए 80 रुपये, कप्तानगंज से परतावल (14 किलोमीटर) के लिए 45 रुपये और परतावल से महराजगंज (22 किलोमीटर) के लिए 60 रुपये समेत कुल 185 रुपये खर्च करना पड़ता है, जबकि पडरौना से गोरखपुर की दूरी करीब 80 किलोमीटर है। इसके लिए रोडवेज बस से जाने वाले यात्रियों को महज 91 रुपये ही किराया देना पड़ता है।
पडरौना से महराजगंज के लिए कोई बस सेवा नहीं है। परतावल और कप्तानगंज होकर बसें गोरखपुर जाती हैं। यहां से महराजगंज के लिए बस चलाने का आदेश मिलेगा तो संचालन शुरू किया जाएगा।
बिंदू प्रसाद एआरएम, पडरौना