पडरौना। पंचायतराज सेवा परिषद से जुड़े पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के बाहर बुद्धा पार्क में धरना दिया। इनकी अगुवाई डीपीआरओ कर रहे थे। धरने के दौरान डीपीआरओ के साथ संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया और शासन को अवगत कराने का आग्रह किया।
डीपीआरओ आरके भारती के साथ एडीओ लालचंद प्रसाद, अरुण कुमार, दिनेश राय, गिरीश सिंह, मारकंडेय दुबे, आशिक अली, रामचंद्र कुशवाहा, लल्लन यादव, रामअवध यादव, वीरेंद्र, रामआशीष, सुभाष सहित सभी एडीओ और ग्राम पंचायत अधिकारी सफाई कर्मचारी दिन के एक बजे जनपद मुख्यालय पर एकत्र हुए और धरना शुरू कर दिए।
इनकी मांग थी कि ग्राम पंचायत से लेकर प्रदेश तक ग्राम्य विकास विभाग के नियंत्रण से पंचायतीराज विभाग को मुक्त किया जाए तथा इन विभागों के मध्य समन्वय बनाने के लिए प्रशासनिक संवर्ग के आईएएस एवं पीसीएस अधिकारियों को अधिकृत किया जाए।
इसके लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर आईएएस संवर्ग के वरिष्ठ अधिकारी को तैनात किए जाए तथा विकास से संबंधित समस्त विभाग उनके नियंत्रण में कार्य करें। धरनारत अधिकारियों-कर्मचारियों की यह भी मांग थी कि एडीओ पंचायत पर बीडीओ के नियंत्रण के अधिकार को समाप्त किया जाए।
ताकि एडीओ पंचायत अपने स्वतंत्र कार्यालय में पंचायतीराज विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण में कार्य करें। इन लोगों ने यह भी मांग की कि ग्राम्य विकास विभाग के जो कर्मी पंचायतीराज विभाग में ग्राम पंचायत के सचिव का काम देख रहे हैं, उन्हें उन कार्यों से हटाया जाए।
ग्राम पंचायत सचिव के नए पद सृजित करते हुए पंचायतीराज विभाग के सफाईकर्मी संवर्ग के उपयुक्त कर्मियों को ग्राम पंचायत सचिव के पद पर पदोन्नति दी जाए। इस दौरान पंचायत राज सेवा परिषद के महामंत्री मैनेजर सिंह सहित काफी संख्या में विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।