पडरौना। जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में पंचायत उत्सव भवन बनाए जाएंगे। इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। पहले चरण में हाटा क्षेत्र के मोतीचक में निर्माण कार्य शुरू हो गया है। एक भवन पर 1.41 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को वैवाहिक समेत अन्य मांगलिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए गांव से दूर किराए पर भवन लेना पड़ता था। अब पंचायतीराज विभाग जिले के हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एम पंचायत उत्सव का निर्माण कराएगा। विभाग की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मांगलिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने में सहूलियत देना है।
जिला पंचायतराज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि पडरौना, हाटा, तमकुहीराज, फाजिलनगर, कसया, रामकोला और खड्डा समेत सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक पंचायत उत्सव भवन बनाया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा में सबसे बड़ी ग्राम पंचायत या न्याय पंचायत मुख्यालय पर जमीन चिह्नित कर ली गई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक भवन के निर्माण पर 1.41 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पंचायत उत्सव भवन का क्षेत्रफल 3000 वर्ग मीटर होगा।
इसमें वर-वधू के लिए अलग-अलग कमरे, वैवाहिक मंडप, पार्किंग और जयमाल के मंच समेत मांगलिक कार्यों के प्रयोग में आने वाले अन्य जरूरी कार्य कराएं जाएंगे। इस योजना के तहत हाटा विधानसभा क्षेत्र के मोतीचक में पंचायत उत्सव का निर्माण कार्य शुरू भी करा दिया गया है। अन्य विधानसभा क्षेत्र में चिन्हित सभी स्थानों पर पंचायत उत्सव भवन के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है।