दुष्कर्म और पिटाई के मामले में पंचायत ने करा दी सुलह
खड्डा (कुशीनगर )। एक महिला की तरफ से गांव के ही एक युवक पर दुष्कर्म और मारपीट का आरोप लगाकर दी गई तहरीर में पुलिस की कार्रवाई से पहले ही पंचायत ने आपसी सुलह से हल करा दिया। मामला खड्डा थाना क्षेत्र का है। महिला की तरफ से पुलिस को दी तहरीर में बताया गया था कि 17 जुलाई को वह घर में सो रही थी। रात करीब एक बजे गांव का एक युवक घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हुए तो युवक वहां से भाग निकला। उलाहना देने पर युवक के घरवाले महिला के साथ मारपीट किए। थाने में शिकायत करने पर जान मारने की धमकी दी। तीन दिन तक खामोश रहने के बाद महिला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के पास मामला पहुंचने की जानकारी होते ही मंगलवार को गांव में पंचायत बैठी और पीड़िता को इलाज के लिए कुछ धन देने का फैसला सुना दिया तथा दोनों पक्षों में सुलह करा दिया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई से अपना हाथ खींच लिया है। एसओ आरके यादव ने बताया कि इस मामले में तहरीर मिली थी, लेकिन दोनों पक्षों ने सुलह कर लिया। इस वजह से कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी।