बारिश में डूब गया पकड़ियार-कौआसार मार्ग, आवागमन प्रभावित
- बारिश होने के ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ी
- पचास गांवों से अधिक आबादी के लोग करते हैं आवागमन
पकड़ियार। क्षेत्र की प्रमुख सड़क लक्ष्मीगंज-पकड़ियार वाया कप्तानगंज रोड पर बारिश से जलभराव हो गया है। इससे आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है। हरपुर से पकड़ियार तक जगह-जगह सड़क पानी में डूबी है। लालचंद छपरा के पास रोड पर पानी बह रहा है, जबकि पकड़ियार चौराहे से मठिया मोड़ तक लगभग दो किलोमीटर सड़क पर करीब दो फीट जलभराव हो गया है।
लक्ष्मीगंज - पकड़ियार वाया कप्तानगंज से रामकोला और नेबुआ नौरंगिया ब्लाक जुड़ते हैं। इसी रास्ते से 50 से अधिक गांवों की आबादी सफर करती है। करीब 15 वर्ष पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से इसका निर्माण हुआ था। मरम्मत और देखरेख के अभाव में सड़क खराब होकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। तीन दिनों से हो रही बारिश से रोड पर जगह-जगह जलभराव हो गया है। साइकिल और पैदल राहगीर तो किसी तरह से आवागमन कर ले रहे हैं, लेकिन चार पहिया वाहन चालकों को रास्ता बदलना पड़ रहा है।
लक्ष्मीगंज चौराहे के दुकानदार मुकेश, मुन्ना कुशवाहा, डॉ. एमडी अंसारी, दिनेश कुशवाहा, रत्नेश, भोली, रामचंद्र ने बताया कि हर बरसात में यह सड़क डूब जाती है। इससे राहगीर और दुकानदार परेशान होते हैं, लेकिन जनप्रतिनिधि उदासीन बने रहते हैं। लोगों ने सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई संदीप शर्मा ने बताया कि सड़क का चौड़ीकरण और उच्चीकरण होना है। इसलिए यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में शामिल हो गई है। अब पीडब्ल्यूडी की तरफ से इस पर कोई कार्य नहीं कराया जा सकता है।