कप्तानगंज। स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन बसता है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल में भी अनिवार्य रूप से हिस्सा लेना चाहिए। कुछ वर्षों से खेल के प्रति भी छात्रों से अधिक छात्राओं की रुचि देखी जा रही है, जो शुभ संकेत है। ओलंपिक में इस वर्ष पदक लेकर आने वाली साक्षी मलिक और पीवी सिंधू इसकी बानगी हैं। ये बातें हिंदू युवा वाहिनी के जिला सह संयोजक शेषमणि गोंड ने कहीं। वह कप्तानगंज के जेपी इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित माध्यमिक विद्यालयों की तहसीलस्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन कर इस कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस प्रतियोगिता में जेपी इंटरमीडिएट कॉलेज कप्तानगंज और जनता जनार्दन इंटरमीडिएट कॉलेज पेमली के खिलाडिय़ों की प्रस्तुति सबसे बेहतर रही। प्रतियोगिता में सीनियर और जूनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं की चार टीमों का चयन जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। सीनियर बालकों की टीम के लिए जेपी इंटरमीडिएट कॉलेज के देवेश कुमार, कृष्णा गोंड, इंतजार अंसारी, धीरज गौंड़, शिवसुंदर यादव, अभिषेक सिंह, मनीष सिंह, अभय यादव, नीतिश गुप्ता, राजन सिंह, अंशदीप गुप्ता और अनुराग सिंह का चयन किया गया। इस विद्यालय से सीनियर बालिकाओं में पूजा भारती, विंध्यवासिनी सिंह, शोभा यादव, प्रिया सिंह, विनीता साहनी, पूजा कन्नौजिया का चयन हुआ। इसी तरह जनता जनार्दन इंटरमीडिएट कॉलेज की सीनियर बालिका वर्ग में पूजा, आशा, मधु यादव,अनीशा पटेल, अपराजिता गौतम, सोनी गौतम चुनी गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सियाराम दास इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य उदयभान सिंह ने की। अंत में जेपी इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य श्रीराम प्रसाद ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की हौसला अफजाई की तथा अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रामपारस सिंह, हियुवा तहसील अध्यक्ष बैजनाथ गुप्ता, सर्वजीत पांडेय, सुरेंद्र गौंड़, रविंद्र गौंड़, राकेश गिरी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।