बभनौली में लग रहा है ऑक्सीजन प्लांट, दूर होगी प्राण वायु की कमी
खड्डा विधायक ने किया भूमि पूजन, शुरू हो गया निर्माण कार्य
कंपनी 15 जून तक ऑक्सीजन आपूर्ति शुरू कर सकती है
संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोला। ऑक्सीजन के अभाव में हो रहीं मौतों पर रोक लगाने के लिए सरकार के अलावा प्राइवेट सेक्टर भी आगे आ रहे हैं। बंधवा गांव के एक उद्योगपति ने ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए शुक्रवार को भूमि पूजन कराकर निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया। 15 जून तक निर्माण कार्य पूर्ण कर ऑक्सीजन आपूर्ति शुरू करने का लक्ष्य है।
नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक के बंधवा गांव निवासी विजयभान तिवारी अपने गांव के नजदीक बभनौली चौराहे के पास ऑक्सीजन प्लांट लगा रहे हैं। शुक्रवार की दोपहर में खड्डा विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने इस प्लांट का उद्घाटन किया। विधायक ने कहा कि जीवनदायी ऑक्सीजन का यह प्लांट जिले की 38 लाख आबादी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। आयोजक विजय भान तिवारी ने बताया कि इस प्लांट को लगाने में करीब चार करोड़ रुपये का खर्च आ रहा है। दक्षिण कोरिया की एक कंपनी के सहयोग से तमाम उपकरण मिल गए हैं। निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। यहां से प्रतिदिन 600 सिलिंडर ऑक्सीजन उपलब्ध होगा। आयोजक ने बताया कि 15 जून तक यहां से वितरण शुरू करने का लक्ष्य है।
इस दौरान योगेश त्रिपाठी, मृत्युंजय सिंह, सुरेश पांडेय, ऋषभ शुक्ल, अंजनी शुक्ल, अमित पांडेय, वृजेश दूबे, आशुतोष पांडेय, बद्रीनाथ जायसवाल, धनेश मणि त्रिपाठी, शत्रुघ्न प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
सेवरही चीनी मिल भी लगाएगी ऑक्सीजन प्लांट
संवाद न्यूज एजेंसी
सेवरही। चीनी मिल सेवरही के प्रबंधतंत्र ने अपने क्षेत्र के लोगों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए सेवरही सीएचसी परिसर में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की तैयारी की है। मिल प्रबंधन को इसके लिए प्रशासन से अनुमति भी मिल गई है। जुलाई के अंतिम सप्ताह तक प्लांट चालू हो जाएगा। चीनी मिल प्रबंधन ने सीएचसी प्रभारी को पत्र भेजकर स्थान और जेनरेटर आदि का प्रबंध शीघ्र कराने की बात कही है।
चीनी मिल सेवरही के गन्ना प्रबंधक शरद सिंह ने बताया कि सेवरही क्षेत्र में ऑक्सीजन प्लांट नहीं होने व यह क्षेत्र जिला व मंडल मुख्यालय से दूर होने के चलते स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में भी कमजोर है। ऑक्सीजन के कमी के चलते लोग परेशान हैं। इसको ध्यान में रखते हुए कंपनी ने एक ऑक्सीजन प्लांट लगाने का प्रस्ताव रखा था। गन्ना प्रबंधक ने बताया कि सेवरही सीएचसी प्रभारी को पत्र भेजकर स्थान और जेनरेटर का प्रबंध करने का अनुरोध किया गया है। इस संबंध में सीएचसी सेवरही के प्रभारी डॉ. अमित जायसवाल ने बताया कि चीनी मिल प्रबंधन के पत्र पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। केन यूनियन के चेयरमैन धीरेंद्र कुमार राय, अनूप कुमार राय, व्यापार मंडल के प्रांतीय संगठन मंत्री अमरनाथ गुप्ता, पप्पू जायसवाल, इंजीनियर नीरज वर्मा, विकास वर्मा, राकेश कुमार राय, संदीप जायसवाल, गोपाल शुक्ला, शैलेश तिवारी, सोनू जायसवाल, सुरेश सोनी, सुखदेव रौनियार, सुमित कुमार, अजय गुप्ता, राजकुमार शर्मा, त्रिलोकी रौनियार, मदन मोहन त्रिपाठी आदि ने चीनी मिल के इस प्रयास को सुखद बताया है।