जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की तैयारी शुरू
- आरटीपीसीआर लैब भी तैयार, माइक्रो बायोलॉजिस्ट और साइंटिस्ट का है इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। जनपद में किसी की ऑक्सीजन के अभाव में जान न जाए, इसलिए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जिला अस्पताल परिसर में स्थित एमएमसीएच विंग परिसर में ऑक्सीजन प्लांट तैयार किया जाने लगा है। इसके अलावा कोविड के लक्षण वाले मरीजों के आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट के लिए ज्यादा इंतजार न करना पड़े, इसलिए लैब भी तैयार हो चुका है। यहां स्टॉफ की तैनाती हो गई है। एक-एक माइक्रो बायोलॉजिस्ट और साइंटिस्ट की तैनाती होनी है। 14 जून से यहां आरटीपीसीआर जांच शुरू हो जाने की संभावना जताई जा रही है।
जनपद मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल में चार ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने हैं। इनमें पहला ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने की तैयारी बुधवार को शुरू कर दी गई। एमएमसीएच (माडर्न मैटर्निटी एंड चाइल्ड हेल्थ) परिसर में स्थित एक छोटे से भवन को इसके लिए बुधवार को खाली खाली कराया गया। यहां वायरिंग और अन्य कार्य बुधवार को शुरू करा दिए गए। इस ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता 250 लीटर प्रति मिनट होगी। ऑक्सीजन प्लांट चालू हो जाने से यहां आने वाले मरीजों को इसके लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
इसके अतिरिक्त आरटीपीसीआर जांच की सुविधा भी जिला अस्पताल में जल्द शुरू हो जाने की उम्मीद जताई जा रही है। जिला अस्पताल के दूसरे तल पर सीटी स्कैन के बगल में यह लैब स्थापित किया गया है। यहां मशीनें लगाई जा चुकी हैं और एक डाटा इंट्री ऑपरेटर, दो एलटी और दो एलए आ गए हैं। इस लैब में 14 जून को जांच शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
ऑक्सीजन की कमी दूर करने के लिए जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसे जिला अस्पताल के एमएमसीएच विंग के बगल में स्थापित किया जाएगा। इसकी क्षमता 250 लीटर प्रति मिनट होगी। जिला अस्पताल में कुल चार ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने हैं। इसके अलावा आरटीपीसीआर लैब भी तैयार है। माइक्रो बायोलॉजिस्ट व साइंटिस्ट आने वाले हैं। इसके बाद बहुत जल्द आरटीपीसीआर जांच भी शुरू हो जाएगी।
डॉ. एसके वर्मा,
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक